उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर अगला चुनाव 2027 की शुरुआत में होना है। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 202 सीटें चाहिए। 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची के मुताबिक राज्य में 13,39,84,792 मतदाता हैं, जो देश में किसी भी राज्य से ज़्यादा हैं।
यूपी का चुनाव सिर्फ़ एक राज्य का चुनाव नहीं माना जाता। देश की सबसे ज़्यादा 80 लोकसभा सीटें इसी राज्य में हैं, इसलिए यहां के नतीजों को राष्ट्रीय राजनीति की दिशा के संकेत के रूप में भी देखा जाता है। इस पेज पर चुनाव से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी एक जगह मिलेगी, और तारीखों की घोषणा से लेकर नतीजों तक इसे लगातार अपडेट किया जाएगा।
यूपी चुनाव 2027 एक नज़र में
| जानकारी | आंकड़ा |
|---|---|
| कुल विधानसभा सीटें | 403 |
| बहुमत का आंकड़ा | 202 |
| अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें | 84 |
| अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटें | 2 |
| ज़िले | 75 |
| लोकसभा सीटें | 80 |
| विधान परिषद सीटें | 100 |
| कुल मतदाता (अंतिम सूची, 10 अप्रैल 2026) | 13,39,84,792 |
| पुरुष मतदाता | 7,30,71,071 |
| महिला मतदाता | 6,09,09,525 |
| थर्ड जेंडर मतदाता | 4,206 |
| 18-19 साल के मतदाता | 17,63,360 |
| लिंगानुपात (प्रति 1000 पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाता) | 834 |
| मौजूदा मुख्यमंत्री | योगी आदित्यनाथ (भाजपा), मार्च 2017 से |
| मतदान की तारीख | TBC (घोषणा बाकी) |
| मतगणना की तारीख | TBC |
यूपी चुनाव 2027 कब होगा?
अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत चुनाव आयोग किसी विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने से छह महीने पहले तक कभी भी चुनाव करा सकता है। यूपी विधानसभा का कार्यकाल मई 2027 में खत्म हो रहा है, इसलिए नवंबर 2026 के बाद कभी भी चुनाव कार्यक्रम घोषित हो सकता है।
2027 में यूपी के साथ पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। 2022 में इन पांचों राज्यों में एक साथ चुनाव हुए थे। इनमें मणिपुर, गोवा और पंजाब विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2027 में ही खत्म हो रहा है। इसी वजह से माना जा रहा है कि इस बार भी पांचों राज्यों का कार्यक्रम एक साथ आ सकता है और यूपी में मतदान फरवरी-मार्च 2027 के आसपास हो सकता है।
2027 में देश में जनगणना का काम भी होना है, जिसमें बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी लगेंगे। चुनाव में भी इन्हीं कर्मचारियों की ड्यूटी लगती है। इसलिए चुनाव की तारीखें जनगणना के कार्यक्रम को ध्यान में रखकर तय होने की चर्चा है। अंतिम फैसला चुनाव आयोग का होगा।
चरणवार मतदान कार्यक्रम
| चरण | अधिसूचना | नामांकन की आखिरी तारीख | मतदान की तारीख | ज़िले |
|---|---|---|---|---|
| चरण 1 | TBC | TBC | TBC | TBC |
| चरण 2 | TBC | TBC | TBC | TBC |
| चरण 3 | TBC | TBC | TBC | TBC |
| … | … | … | … | … |
| मतगणना | — | — | TBC | सभी 403 सीटें |
चुनाव की प्रक्रिया: घोषणा से नतीजे तक
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद सब कुछ एक तय क्रम में होता है। यह समझ लेने से खबरों को पढ़ना आसान हो जाता है:
- चुनाव कार्यक्रम की घोषणा: चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चरणों की संख्या, तारीखें और मतगणना का दिन बताता है। इसी दिन से आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है।
- अधिसूचना (Notification): हर चरण के लिए अलग अधिसूचना जारी होती है। इसके साथ ही उस चरण की सीटों पर नामांकन शुरू हो जाता है।
- नामांकन: उम्मीदवार रिटर्निंग ऑफिसर के पास नामांकन पत्र और अपनी संपत्ति, शिक्षा व आपराधिक मामलों का हलफनामा जमा करते हैं।
- जांच (Scrutiny): नामांकन पत्रों की जांच होती है, गलत पाए गए पत्र खारिज होते हैं।
- नाम वापसी: तय तारीख तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद अंतिम उम्मीदवार सूची तय होती है।
- प्रचार: मतदान से 48 घंटे पहले खुला प्रचार बंद हो जाता है।
- मतदान: EVM और VVPAT से वोटिंग होती है।
- मतगणना: सभी चरणों के बाद एक ही दिन वोटों की गिनती होती है और नतीजे घोषित होते हैं।
- सरकार का गठन: बहुमत वाले दल या गठबंधन के नेता को राज्यपाल सरकार बनाने का न्योता देते हैं, और मुख्यमंत्री शपथ लेते हैं।
आदर्श आचार संहिता क्या है?
चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो जाती है, जो नतीजे आने तक रहती है। इसका मकसद यह है कि चुनाव के दौरान कोई भी दल, खास तौर पर सत्ताधारी दल, सरकारी ताकत का गलत फायदा न उठा सके। आचार संहिता लागू होने के बाद आम तौर पर:
- सरकार नई योजनाओं या परियोजनाओं की घोषणा नहीं कर सकती।
- सरकारी अधिकारियों के तबादलों पर रोक लग जाती है, जब तक आयोग अनुमति न दे।
- सरकारी गाड़ियों, भवनों और संसाधनों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल नहीं हो सकता।
- धर्म या जाति के नाम पर वोट मांगने की मनाही है।
- पैसे, शराब या तोहफे बांटकर वोट खरीदना अपराध है।
आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कोई भी नागरिक चुनाव आयोग के ECINET ऐप के cVIGIL हिस्से से फोटो या वीडियो के साथ कर सकता है।
2027 के मतदाता: SIR के बाद नई तस्वीर
यूपी में 27 अक्टूबर 2025 से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू हुआ। इसमें घर-घर जाकर हर मतदाता की जानकारी दोबारा जांची गई। इस प्रक्रिया के मुख्य आंकड़े ये रहे:
| चरण | मतदाताओं की संख्या |
|---|---|
| SIR से पहले (अक्टूबर 2025) | लगभग 15.44 करोड़ |
| ड्राफ्ट सूची (6 जनवरी 2026) | 12,55,56,025 |
| अंतिम सूची (10 अप्रैल 2026) | 13,39,84,792 |
ड्राफ्ट और अंतिम सूची के बीच 84,28,767 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई, जिसमें लगभग बराबर संख्या में पुरुष और महिलाएं जुड़े। इसी दौरान 8,15,996 नाम सूची से हटाए भी गए। ज़िलों में सबसे ज़्यादा मतदाता प्रयागराज में बढ़े, जबकि विधानसभा सीटों में ग़ाज़ियाबाद ज़िले की साहिबाबाद सीट पर सबसे ज़्यादा, 82 हज़ार से अधिक, मतदाता जुड़े।
युवा मतदाता: ड्राफ्ट सूची में 18-19 साल के मतदाता सिर्फ़ 3.33 लाख थे, जो अंतिम सूची में बढ़कर 17.63 लाख हो गए। यानी लाखों युवा 2027 में पहली बार विधानसभा चुनाव में वोट डालेंगे।
महिला मतदाता: अंतिम सूची में महिला मतदाताओं का अनुपात भी सुधरा। प्रति 1000 पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या ड्राफ्ट के 824 से बढ़कर 834 हो गई।
आपका नाम सूची में है या नहीं? SIR के बाद बहुत से लोगों का नाम हटा है या बूथ बदला है। एक बार ज़रूर चेक करें: वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक करें
2022 में क्या हुआ था?
2022 का विधानसभा चुनाव सात चरणों में हुआ। नतीजे 10 मार्च 2022 को आए।
| चरण | मतदान की तारीख |
|---|---|
| चरण 1 | 10 फरवरी 2022 |
| चरण 2 | 14 फरवरी 2022 |
| चरण 3 | 20 फरवरी 2022 |
| चरण 4 | 23 फरवरी 2022 |
| चरण 5 | 27 फरवरी 2022 |
| चरण 6 | 3 मार्च 2022 |
| चरण 7 | 7 मार्च 2022 |
| मतगणना | 10 मार्च 2022 |
भाजपा ने अकेले 255 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई, और योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बने। कई दशकों में यह पहला मौका था जब यूपी में किसी मुख्यमंत्री ने पूरा कार्यकाल पूरा करके दोबारा सत्ता में वापसी की। समाजवादी पार्टी 111 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल बनी।
| दल | 2022 में सीटें | वोट शेयर |
|---|---|---|
| भाजपा | 255 | लगभग 41.3% |
| समाजवादी पार्टी | 111 | लगभग 32.1% |
| अपना दल (सोनेलाल) | 12 | — |
| राष्ट्रीय लोक दल | 8 | — |
| सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी | 6 | — |
| निषाद पार्टी | 6 | — |
| कांग्रेस | 2 | लगभग 2.3% |
| जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) | 2 | — |
| बहुजन समाज पार्टी | 1 | लगभग 12.9% |
| कुल | 403 |
2022 में भाजपा के साथ अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी गठबंधन में थे, जबकि समाजवादी पार्टी के साथ राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी थे। इसके बाद के वर्षों में गठबंधन बदले हैं: 2024 के लोकसभा चुनाव तक राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, दोनों भाजपा के नेतृत्व वाले NDA में आ चुके थे।
2022 की कुछ चर्चित सीटें
| सीट | ज़िला | क्या हुआ |
|---|---|---|
| गोरखपुर शहर | गोरखपुर | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीते |
| करहल | मैनपुरी | सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जीते; 2024 में लोकसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने यह सीट छोड़ दी |
| सिराथू | कौशांबी | तत्कालीन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सपा की पल्लवी पटेल से हार गए |
2027 में इन और दूसरी बड़ी सीटों पर कौन मैदान में होगा, यह उम्मीदवारों की सूची आने के बाद साफ़ होगा। यूपी चुनाव 2027 की VIP सीटें
यूपी विधानसभा चुनावों का इतिहास (2007-2022)
पिछले चारों विधानसभा चुनावों में यूपी के मतदाताओं ने किसी एक दल को अकेले पूर्ण बहुमत दिया है। यानी यहां त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति 2007 के बाद नहीं बनी।
| चुनाव | सबसे बड़ा दल | उस दल की सीटें | मुख्यमंत्री |
|---|---|---|---|
| 2007 | बहुजन समाज पार्टी | 206 | मायावती |
| 2012 | समाजवादी पार्टी | 224 | अखिलेश यादव |
| 2017 | भाजपा | 312 | योगी आदित्यनाथ |
| 2022 | भाजपा | 255 | योगी आदित्यनाथ |
2007 से 2017 तक हर चुनाव में सत्ता बदली। 2022 में यह सिलसिला टूटा, जब भाजपा ने सरकार बरकरार रखी।
2024 लोकसभा चुनाव ने क्या संकेत दिए?
2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटों के नतीजे इस तरह रहे:
| दल | सीटें |
|---|---|
| समाजवादी पार्टी | 37 |
| भाजपा | 33 |
| कांग्रेस | 6 |
| राष्ट्रीय लोक दल | 2 |
| अपना दल (सोनेलाल) | 1 |
| आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) | 1 |
| कुल | 80 |
2024 में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के तहत साथ चुनाव लड़ा था। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदाताओं का मिज़ाज अक्सर अलग होता है, इसलिए इन नतीजों को सीधे 2027 पर लागू नहीं किया जा सकता। फिर भी 2027 की लड़ाई को समझने के लिए यह नतीजा अहम माना जा रहा है।
मुख्य मुकाबला किसके बीच?
| दल | प्रमुख चेहरा | 2022 में सीटें |
|---|---|---|
| भाजपा | योगी आदित्यनाथ (मुख्यमंत्री) | 255 |
| समाजवादी पार्टी | अखिलेश यादव | 111 |
| बहुजन समाज पार्टी | मायावती | 1 |
| कांग्रेस | — | 2 |
| अपना दल (सोनेलाल) | अनुप्रिया पटेल | 12 |
| राष्ट्रीय लोक दल | जयंत चौधरी | 8 |
| सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी | ओम प्रकाश राजभर | 6 |
| निषाद पार्टी | संजय निषाद | 6 |
| आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) | चंद्रशेखर आज़ाद | 0 |
2027 में कौन-सा दल किसके साथ गठबंधन में लड़ेगा और सीटों का बंटवारा कैसे होगा, यह अभी तय नहीं है । गठबंधन घोषित होते ही यह हिस्सा अपडेट होगा।
यूपी के चुनावी क्षेत्र
चुनावी चर्चा में यूपी को अक्सर कुछ बड़े इलाकों में बांटकर देखा जाता है, क्योंकि हर इलाके के सामाजिक समीकरण और मुद्दे अलग हैं:
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश: मेरठ, सहारनपुर, मुज़फ्फरनगर, ग़ाज़ियाबाद, आगरा, अलीगढ़ जैसे ज़िले। किसान और गन्ना से जुड़े मुद्दे यहां की चर्चा में अक्सर रहते हैं।
- रुहेलखंड: बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर।
- अवध / मध्य उत्तर प्रदेश: लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, रायबरेली।
- बुंदेलखंड: झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट।
- पूर्वांचल: गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आज़मगढ़, जौनपुर, बलिया, देवरिया।
हर इलाके की सीटों और ज़िलेवार मतदान तारीखों की जानकारी कार्यक्रम घोषित होने के बाद यहां जोड़ी जाएगी।
2027 में किन बातों पर रहेगी नज़र?
चुनाव के नतीजे आने तक कई सवाल चर्चा में रहेंगे। इनके जवाब तस्वीर साफ़ होने के साथ इस पेज पर जोड़े जाएंगे:
- गठबंधन: 2022 के बाद कई सहयोगी दलों ने पाला बदला है। 2027 में भाजपा और सपा, दोनों के साथ कौन-से दल रहेंगे और सीटों का बंटवारा कैसे होगा?
- सपा-कांग्रेस का साथ: 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों साथ लड़े थे। क्या विधानसभा चुनाव में भी यह गठबंधन रहेगा?
- बसपा की भूमिका: 2007 में अकेले बहुमत लाने वाली बसपा 2022 में एक सीट पर सिमट गई थी। 2027 में पार्टी किस रणनीति से उतरेगी?
- युवा मतदाता: 17 लाख से ज़्यादा 18-19 साल के मतदाता पहली बार विधानसभा चुनाव में वोट डालेंगे।
- SIR का असर: नई मतदाता सूची में करोड़ों नाम कम हुए और लाखों नए जुड़े। मतदान प्रतिशत पर इसका क्या असर दिखेगा?
- चरणों की संख्या: 2022 में सात चरण थे। इस बार चुनाव कितने चरणों में होगा?
बहुमत न मिले तो क्या होता है?
अगर किसी एक दल या चुनाव से पहले बने गठबंधन को 202 सीटें नहीं मिलतीं, तो इसे त्रिशंकु विधानसभा कहते हैं। ऐसी स्थिति में राज्यपाल उस दल या गठबंधन को सरकार बनाने का न्योता देते हैं जिसके पास बहुमत का समर्थन होने की सबसे ज़्यादा संभावना हो। उसे तय समय के भीतर विधानसभा में बहुमत साबित करना होता है। यूपी में पिछली बार त्रिशंकु विधानसभा 2002 के चुनाव में बनी थी।
उम्मीदवारों की सूची
सभी दलों के उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही यहां जोड़ी जाएगी: यूपी चुनाव 2027 उम्मीदवार सूची
किसी भी उम्मीदवार की संपत्ति, शिक्षा और आपराधिक मामलों की जानकारी उसके नामांकन के साथ जमा हलफनामे में होती है। यह जानकारी चुनाव आयोग के ECINET ऐप के “Know Your Candidate” हिस्से में देखी जा सकती है।
एग्ज़िट पोल और नतीजे
- एग्ज़िट पोल: आखिरी चरण का मतदान खत्म होने के बाद ही एग्ज़िट पोल दिखाए जा सकते हैं। सभी बड़े सर्वे एक जगह: एग्ज़िट पोल 2027
- नतीजे: मतगणना के दिन सीटवार नतीजे और पार्टीवार आंकड़े लाइव: चुनाव परिणाम 2027 लाइव
वोट डालने से पहले ये ज़रूर करें
- वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक करें: वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक करें
- डिजिटल वोटर कार्ड (e-EPIC) डाउनलोड करें: वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कैसे करें
- नया वोटर कार्ड बनवाएं (फॉर्म 6): नया वोटर आईडी कार्ड कैसे बनाएं
- अपना पोलिंग बूथ पता करें: पोलिंग बूथ कैसे पता करें
- वोटर कार्ड न हो तो कौन-से 12 दस्तावेज़ मान्य हैं: वोटर आईडी के बिना वोट कैसे डालें
ज़रूरी संपर्क: वोटर हेल्पलाइन 1950 (ज़िले के STD कोड के साथ), टोल-फ्री 1800-11-1950, और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)
यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 कब होंगे? तारीखें अभी घोषित नहीं हुई हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मई 2027 में खत्म हो रहा है, और फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव की चर्चा है।
यूपी में कुल कितनी विधानसभा सीटें हैं? 403 सीटें। सरकार बनाने के लिए 202 सीटों का बहुमत चाहिए।
यूपी में कितने मतदाता हैं? 10 अप्रैल 2026 की अंतिम मतदाता सूची के मुताबिक 13,39,84,792 मतदाता हैं।
यूपी चुनाव कितने चरणों में होगा? चरणों की संख्या चुनाव कार्यक्रम के साथ घोषित होगी । 2022 में चुनाव सात चरणों में हुआ था।
2022 में यूपी चुनाव किसने जीता था? भाजपा ने 255 सीटें जीतकर सरकार बनाई, और योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बने। समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिलीं।
यूपी में कितनी सीटें आरक्षित हैं? 84 सीटें अनुसूचित जाति और 2 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
आचार संहिता कब से लागू होगी? चुनाव आयोग जिस दिन चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगा, उसी दिन से आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
पहली बार वोट डालने वाले क्या करें? सबसे पहले वोटर लिस्ट में नाम चेक करें। नाम न हो तो फॉर्म 6 भरें। फिर अपना बूथ पता करें और e-EPIC डाउनलोड कर लें।
यूपी चुनाव के नतीजे कब आएंगे? मतगणना की तारीख चुनाव कार्यक्रम के साथ घोषित होगी । नतीजे इसी पेज पर लाइव अपडेट होंगे।
यूपी में सरकार बनाने के लिए कितनी सीटें चाहिए? 403 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 202 सीटें चाहिए।
यूपी के मुख्यमंत्री कौन हैं? योगी आदित्यनाथ (भाजपा) मार्च 2017 से मुख्यमंत्री हैं। 2022 का चुनाव जीतकर उन्होंने लगातार दूसरा कार्यकाल शुरू किया।
यूपी में सबसे ज़्यादा मतदाता किस ज़िले में बढ़े? SIR के बाद ड्राफ्ट और अंतिम सूची की तुलना में सबसे ज़्यादा मतदाता प्रयागराज ज़िले में बढ़े।
उम्मीदवार की संपत्ति और आपराधिक मामलों की जानकारी कहां मिलेगी? हर उम्मीदवार नामांकन के साथ एक हलफनामा जमा करता है, जिसमें उसकी संपत्ति, देनदारी, शिक्षा और लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी होती है। यह जानकारी चुनाव आयोग के ECINET ऐप के “Know Your Candidate” हिस्से में देखी जा सकती है।
यूपी में विधान परिषद के चुनाव भी इसी के साथ होते हैं? नहीं। विधान परिषद के सदस्य अलग प्रक्रिया से चुने जाते हैं। 2027 का यह चुनाव सिर्फ़ विधानसभा की 403 सीटों के लिए है।
क्या यूपी के साथ दूसरे राज्यों में भी चुनाव होंगे? हां, 2027 में पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। सभी राज्यों का कार्यक्रम एक साथ आएगा या अलग, यह चुनाव आयोग तय करेगा।

